दो मंजिले मकान से गिरकर मजदूर की मौत, निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा,
दो मंजिले मकान से गिरकर मजदूर की मौत, निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
🔸सिर में गंभीर चोट लगने से इलाज के दौरान तोड़ा दम।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट राजीव रंजन
जमुई : शहर के कृष्णपट्टी मोहल्ला में निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में काम करने के दौरान मंगलवार को एक मजदूर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। जिसे एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मजदूर की मौत हो गई। परिजन ने घटना की जानकारी टाउन थाना की पुलिस को दी गई। फिर मृतक मजदूर के शव को सदर अस्पताल लाया गया। मृतक मजदूर की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के भरकौवा गांव निवासी स्वर्गीय दौलत यादव के पुत्र फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है।
तीन मंजिले मकान में चल रहा था कार्य :
मृतक मजदूर के परिजन ने कहा कि कृष्णपट्टी मोहल्ला में भूषण तांती के तीन मंजिले मकान का निर्माण हो रहा है। करीब दो माह से फुलेश्वर यादव उक्त मकान में मजदूरी कर रहे थे। मंगलवार की सुबह वे गांव के ही एक मजदूर मोहन यादव के साथ मजदूरी करने के लिए भूषण तांती के निर्माणाधीन मकान में आए थे। काम करने के दौरान दो मंजिला छत से फुलेश्वर यादव गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक मजदूर को दो पुत्री और एक पुत्र है। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। टाउन थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि जानकारी मिली है। अब तक मृतक के परिजनों ने कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है।

Comments
Post a Comment