समस्तीपुर लोकसभा सीट से सियासी मैदान में उतर सकते हैं तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी बीके रवि
समस्तीपुर लोकसभा सीट से सियासी मैदान में उतर सकते हैं तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी बीके रवि
🔸कांग्रेस ने जनसंपर्क करने का दिया निर्देश
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : आनन्द कुमार
समस्तीपुर : लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बिहार में कांग्रेस ने एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी पर दांव लगाने की तैयारी कर दी है। वहीं तमिलनाडु के डीजीपी रह चुके ब्रजकिशोर रवि उर्फ बीके रवि को समस्तीपुर सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा तेज हो चली है। हालांकि इसके संकेत खुद बीके रवि ने दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आलाकमान ने उन्हें समस्तीपुर में जनसंपर्क करने के निर्देश दे दिए हैं। अगर पार्टी उन्हें यहां से उम्मीदवार बनाती है तो मजबूती से वे जीत दर्ज कर सकते हैं।
बता दें कि बीके रवि ने इसी महीने भारतीय पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति (वीआरएस) लिया है। सेवानिवृत्त के बाद उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। बीके रवि मूलरूप से सहरसा जिले के रहने वाले हैं। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने बिहार में जनसंपर्क तेज कर दिया है। वहीं समस्तीपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व डीजीपी ब्रजकिशोर रवि ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि वे मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर वे यहां आए हैं। आलाकमान ने उन्हें चुनाव की तैयारियों के निर्देश दिए हैं। अगर उन्हें टिकट मिलता है तो यहां समस्तीपुर से कांग्रेस को जीत दिलाएंगे।
0बता दें कि समस्तीपुर अनुसूचित जाति की सुरक्षित सीट है। यहां से अभी यहां से केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा के प्रिंस राज सांसद हैं। इससे पहले दो बार प्रिंस के पिता रामचंद्र पासवान ने जीत दर्ज की थी। इस सीट को लोक जनशक्ति पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। पिछले उपचुनाव और आम चुनाव में कांग्रेस के अशोक राम को हार का सामना करना पड़ा था। अब कांग्रेस यहां पर पूर्व आईपीएस पर दांव खेल सकती है। वैसे तो INDIA गठबंधन में अभी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। मगर समस्तीपुर सीट के कांग्रेस के खाते में जाने के चांस ज्यादा है, क्योंकि पिछली बार भी पार्टी ने महागठबंधन में रहते हुए अपना उम्मीदवार उतारा था।

Comments
Post a Comment