निगम कर्मियों की हड़ताल टूटी, मांगों पर बनी सहमति
निगम कर्मियों की हड़ताल टूटी, मांगों पर बनी सहमति
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : आनंद कुमार
समस्तीपुर : बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ की नगर शाखा की ओर से जारी हड़ताल दूसरे दिन मंगलवार की शाम समाप्त हो गई। इसको लेकर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ दिलीप कुमार की मौजूदगी में नगर आयुक्त विभूति रंजन चौधरी ने कर्मचारी महासंघ के साथ बैठक कर महासंघ की सात सूत्री मांग पर एकराय बनाई। इस दौरान अधिकारियों ने अपने स्तर वाली मांग को यथाशीघ्र पूरा करने व अन्य मांगों को विभाग को भेजने पर सहमति जताई।
इसको लेकर संघ के अध्यक्ष राज कुमार राम व सचिव लाल बहादुर साह ने बताया कि संघ की ओर से सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका को अपडेट करने, 221 फीसदी महंगाई भत्ता के अनुसार वेतन का भुगतान करने, बकाया अंतर वेतन की राशि का भुगतान करने, वर्ष 1994 से वेतन से काटी गई भविष्य निधि की राशि को सूद सहित अनके खातों में जमा करने, सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सभी तरह के सेवांत लाभ का एक मुश्त भुगतान करने, दैनिक कर्मचारियों को अन्य नगर निगम के अनुसार वेतन भुगतान करने व दैनिक कर्मचारी जो 10 वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं उनको स्थाई करने की मांग की गई थी। अधिकारियों ने इसे जल्द पूरा करने पर सहमति जताई है। मौके पर जेई अरविन्द कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

Comments
Post a Comment