एसबीआई ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को 30 सिलाई मशीन सौंपा
एसबीआई ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को 30 सिलाई मशीन सौंपा
*सिलाई और टेलरिंग के रोजगार से महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर : कमांडेंट।
सिटी संवाद : डॉ० निरंजन कुमार
जमुई : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कचहरी चौक जमुई ने बुधवार को कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत खैरा प्रखंड अंतर्गत पकरी गांव स्थित 16 वीं वाहिनी , सशस्त्र सीमा बल को उषा कंपनी का अत्याधुनिक तकनीक से लैस कुल 30 सिलाई मशीन सौंपा। एसएसबी ने एसबीआई के इस नेक कार्य का तहे दिल से स्वागत किया और उनके प्रति आभार जताया। जांबाज जवान और स्कूली बच्चे इस मानवीय सहयोग के साक्ष्य बने।
कमांडेंट मनीष कुमार ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप पकरी गांव स्थित पराक्रमी भूमि पर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सामुदायिक केंद्र का निर्माण कर सिलाई मशीन को स्थापित किया जाएगा। इस क्षेत्र की हजारों महिलाएं यहां आकर सिलाई और टेलरिंग का प्रशिक्षण लेंगी। प्रशिक्षित महिलाएं बाद में सिलाई और टेलरिंग का स्वरोजगार कर आर्थिक रूप से उन्नत होंगी और जिला के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने इसे जीविकोपार्जन का सशक्त जरिया बताते हुए कहा कि 16 वीं बटालियन एसएसबी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की युगलबंदी से इस अति पिछड़े इलाकों में आशा की नई किरण प्रस्फुटित होगी जिसका सीधा लाभ जनता के साथ जिला प्रशासन को मिलेगा। श्री कुमार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रवासियों से गुजारिश करते हुए कहा कि वे अपराध को तौबा कहकर विकास की मुख्य धारा में शामिल हों और नए इतिहास का लेखन करें। कमांडेंट ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक मलय सौरभ , उप प्रबंधक राजुल कुमार समेत तमाम अधिकारियों एवं कर्मियों को इस मानवीय कार्य के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद दिया और उनके कार्यों की खुले मन से तारीफ की।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक मलय सौरभ ने कमांडेंट मनीष कुमार को पौधा और अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते हुए कहा कि एसएसबी जिस तरह से अति पिछड़े इलाकों में रहकर जन सेवा को अपना धर्म और कर्म मान रहा है वह अद्वितीय है। मुख्य महाप्रबंधक ने अपने जमुई भ्रमण के दरम्यान सशस्त्र सीमा बल के कार्यों का नजदीक से अवलोकन किया और इसे हर संभव सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया था। उनके आश्वासन को यहां सिलाई मशीन देकर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने जिले के पिछड़े इलाकों के तेजी से उत्थान के लिए यथोचित मदद दिए जाने का संकल्प लेते हुए कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जन सेवा को ईश्वरीय सेवा मानता है और इसी के अनुरूप ग्राहकों से बर्ताव करता है। उन्होंने एसएसबी के प्रति आभार जताया।
उप प्रबंधक राजुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन की औपचारिकता निभाई वहीं राज्य स्तर के जाने- माने उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने साहित्यिक अंदाज में कार्यक्रम का मंच संचालन कर खूब प्रसिद्धि पाई। कमांडेंट समेत तमाम मेहमानों ने उनके शब्द और शैली की जमकर तारीफ की।
उप कमांडेंट विनोद कुमार दास, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मी पंचम चौधरी, चंदन कुमार , उत्तम सिन्हा, रौशन कुमार, संतोष कुमार, दिवाकर उर्फ नंदू समेत कई संबंधित जनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। समारोह उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया।

Comments
Post a Comment