चित्रगुप्त पूजा की तैयारी को लेकर बैठक, 15 नवंबर को होगी कलम दवात की पूजा
चित्रगुप्त पूजा की तैयारी को लेकर बैठक, 15 नवंबर को होगी कलम दवात की पूजा
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट जमुई : राजीव रंजन
संवाद : डॉ० निरजंन कुमार
आगामी 15 नवंबर को यम द्वितीया के दिन कायस्थ समाज के लोग अपने कुल देवता भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा अर्चना वैदिक रीति - रिवाज के साथ करेंगे। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला इकाई ने सुरेशपुरम स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निकट स्थित चित्रगुप्त मंदिर में बैठक कर इस आशय का निर्णय लिया।
जिलाध्यक्ष अविनाश कुमार सिन्हा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस साल भी यम द्वितीया अर्थात 15 नवंबर को सुरेशपुरम स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निकट स्थित चित्रगुप्त मंदिर में भगवान चित्रगुप्त जी महाराज का वार्षिक पूजनोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित समय पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन - हवन होगा। इसके पश्चात भगवान चित्रगुप्त जी महाराज की महा आरती की जाएगी। पूजनोत्सव के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। भजन - कीर्तन का भी कार्यक्रम निर्धारित है। पूजन समारोह के अंत में विशाल भंडारा होगा जिसका तमाम मेहमान रसास्वादन करेंगे। जिलाध्यक्ष ने चित्रांश परिवार से कुल देवता के पूजन समारोह को सफल बनाने की अपील की।
महासचिव डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि चित्रगुप्त पूजा के पावन मौके पर कायस्थ समाज के लोग अपने आराध्य की पूजा अर्चना के लिए कलम - दवात की पूजा करते हैं। धर्मशास्त्रों के मुताबिक भगवान चित्रगुप्त जी महाराज यमराज के सहायक हैं जो स्वर्गलोक का लेखा - जोखा रखते हैं। यह महादेवता चित्रांश परिवार के कुल देवता भी हैं। कायस्थ समाज के लोग इस नाते इनकी पूजा विधि - विधान के साथ धूमधाम से करते हैं। उन्होंने 15 नवंबर को कायस्थ समाज के साथ हर धर्मानुरागियों से अपील करते हुए कहा कि भारी संख्या में चित्रगुप्त मंदिर पहुंचें और पूजनोत्स्व में शामिल होकर पुण्य अर्जित करें।
संगठन के कोषाध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा, सदस्य राकेश कुमार रंजन, भूपेंद्र सिन्हा, चंद्रशेखर सिन्हा, अभिषेक कुमार सिन्हा, कृष्ण मोहन प्रसाद आदि ने बैठक में उपस्थिति दर्ज की और चित्रगुप्त पूजा समारोह को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Comments
Post a Comment